प्रयागराज में जल क्रीड़ाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत मंडलायुक्त ने बोट क्लब में विकसित की जा रही आधुनिक खेल अवसंरचना का निरीक्षण किया।
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

प्रयागराज में जल क्रीड़ाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत मंडलायुक्त ने बोट क्लब में विकसित की जा रही आधुनिक खेल अवसंरचना का निरीक्षण किया।

 


प्रयागराज में जल क्रीड़ाओं को नई दिशा देने की पहल के तहत मंडलायुक्त ने बोट क्लब में विकसित की जा रही आधुनिक खेल अवसंरचना का निरीक्षण किया।


*स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के केरल स्थित विश्वस्तरीय मॉडल से प्रेरित आधुनिक बोट हाउस, वेयरहाउस एवं बहुउद्देशीय जिम का विकास किया जा रहा है।*


*37वीं उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कयाकिंग, कैनोइंग एवं रोइंग के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर।*


*बोट क्लब को भविष्य में जल क्रीड़ाओं के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश।*



प्रयागराज मंडल में जल क्रीड़ाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के क्रम में मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने जिलाधिकारी श्री मनीष वर्मा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बोट क्लब परिसर में विकसित की जा रही आधुनिक खेल अवसंरचना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बहुउद्देशीय जिम, आधुनिक बोट हाउस एवं वेयरहाउस सहित निर्माणाधीन विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन कर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध संचालन के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मंडलायुक्त की अध्यक्षता में पूर्व में आयोजित मंडलीय खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में प्रयागराज में कयाकिंग, कैनोइंग एवं रोइंग जैसी जल क्रीड़ाओं के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इन्हीं निर्णयों के अनुरूप स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा केरल में विकसित विश्वस्तरीय वाटर स्पोर्ट्स बोट हाउस एवं वेयरहाउस मॉडल से प्रेरणा लेते हुए बोट क्लब परिसर में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरणों के सुरक्षित संरक्षण तथा प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी के लिए समेकित एवं उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


विकसित की जा रही सुविधाओं में नौकाओं के सुरक्षित संरक्षण हेतु आधुनिक वेयरहाउस, खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन को सुदृढ़ बनाने के लिए बहुउद्देशीय जिम, खेल उपकरणों के वैज्ञानिक रखरखाव की व्यवस्था तथा जल क्रीड़ाओं के अनुरूप आवश्यक प्रशिक्षण सुविधाएं शामिल हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अधिक सक्षम बनाना है।


मंडलायुक्त ने कहा कि हाल ही में आयोजित 37वीं उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में प्रयागराज के खिलाड़ियों ने विभिन्न कयाकिंग एवं कैनोइंग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश में जल क्रीड़ाओं के प्रति बढ़ती प्रतिभा, क्षमता एवं संभावनाओं का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए आधुनिक खेल अवसंरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण व्यवस्था तथा गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।


निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बोट क्लब को भविष्य में जल क्रीड़ाओं के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता केंद्र (Centre of Excellence) के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए खिलाड़ियों को सुरक्षित, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया, ताकि प्रयागराज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु एक अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित हो सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies