नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में आयोजित होेने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की
नोडल अधिकारी ने प्रोजेक्ट की कार्ययोजना बनाने से पूर्व सम्बंधित क्षेत्र का भ्रमण कर उसके भौगोलिक स्थितियों का आंकलन करते हुए प्रोजेक्ट का डीपीआर तैयार किए जाने के दिए निर्देश
नोडल अधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को योजना अन्तर्गत लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित किए जाने के दिए निर्देश
प्रयागराज 04 जून।
नोडल अधिकारी-प्रयागराज/प्रमुख सचिव, सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश श्री अजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की उपस्थिति में गुरूवार को संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून के मध्य जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के संचालन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिन विभागों के कार्यों की रैकिंग सी व डी श्रेणी में है, उन कार्यों में सुधार लाते हुए उसे ए श्रेणी में लाए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट की कार्ययोजना बनाने से पूर्व सम्बंधित क्षेत्र का भ्रमण कर वहां की भौगोलिक स्थितियों का आंकलन करते हुए उसके अनुसार डीपीआर तैयार किया जाये, जिससे कार्यों को समयसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराये जाने में कोई व्यवधान न हो। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के अंदर ही पूर्ण किया जाये, जिससे सम्बंधित प्रोजेक्ट का लाभ लोगो को मिल सके तथा प्रोजेक्ट का बजट भी रिवाइज न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा चलायी जाने वाली लाभार्थीपरक योजनाओं से सम्बंधित विभाग सम्बंधित योजना में जनपद को लक्ष्य आवंटित होने के पूर्व ही पर्याप्त संख्या में लाभार्थिंयों की सूची तैयार कर रखे, जिससे कि जैसे ही लक्ष्य आवंटित होते ही बिना विलम्ब के पात्र लाभार्थिंयों को लाभान्वित कराया जा सके और किसी प्रकार का विलम्ब न हो। उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं में बैंक स्तर पर लम्बित आवेदनों को त्वरित निस्तारित कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने पीएम सूर्यघर, छात्रवृत्ति, शादी अनुदान, बागवानी, ट्रांसफार्मर, जल जीवन मिशन, जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, पोषण अभियान, आयुष्मान कार्ड, स्वच्छ भारत मिशन फेज-2, सड़कों का अनुरक्षण व नई सड़कों के निर्माण कार्य एवं निर्माण कार्यों सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि जो विभाग सी व डी श्रेणी में है, वे सम्बंधित विभाग कार्यों में तेजी लाते हुए उनकों ए श्रेणी में लाए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण कराये जाने तथा सम्बंधित शासकीय विभाग को निर्माण कार्य पूर्ण होने के पूर्व ही विद्युत, फर्नीचर व अन्य आवश्यक उपकरणों या आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा बनाये जाने के निर्देश दिए है, जिससे हैण्डओवर होते ही सम्बंधित प्रोजेक्ट को क्रियाशील किया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थिंयों को शौचालय, विद्युत कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को भूमि सम्बंधित विवादों को निस्तारित कराये जाने तथा भूमि विवाद के कारण कोई भी प्रोजेक्ट डिले न हो, के निर्देश दिए है। कहा कि कोई भी परियोजना बजट आवंटन होने के पश्चात अनारम्भ न रहे।
----------------------------
*केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सम्बंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न कराये-प्रमुख सचिव*
*विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ पौधरोपण अवश्य करें*
*विकास खण्डों में आयोजित होने वाले जनकल्याण मेलो में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करते हुए समस्त विभाग अपनी योजनाओं से सम्बंधित स्टॉल लगाते हुए पात्र लाभार्थिंयों को योजना से लाभान्वित करायें*
नोडल अधिकारी-प्रयागराज/प्रमुख सचिव ने केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 05 जून से 21 जून के मध्य जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के संचालन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इस अवधि में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, तिथियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सभी सम्बंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए है। बैठक में प्रमुख सचिव ने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आयें सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शित करने हेतु आयोजित होेने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी के द्वारा सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों को पूरी तनमयता के साथ सभी कार्यों एवं तैयारियों को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए है।
नोडल अधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून, 2026 के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार जनपद में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत नगर निगम, सभी नगर पंचायतों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण कराये जाने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए वन विभाग, पंचायतीराज विभाग, उद्यान विभाग, नगर निगम, ग्राम्य विकास विभाग को इस अवसर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वृक्षारोपण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत पौधरोपण के साथ-साथ बरसात के मौसम के पूर्व उनकी सिंचाई, सुरक्षा व देखरेख भी करने के निर्देश दिए है, जिससे उन्हें मृत होने से बचाया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में भी पौधरोपण करने के लिए कहा है। उन्होंने इस अवधि में सभी विकास खण्डों में आयोजित किए जाने वाले जनकल्याण मेलो में समस्त विभाग अपनी योजनाओं से सम्बंधित स्टॉल लगाते हुए वहां पर लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे आवेदन भरवाकर उनका पंजीकरण भी कराये जाने के लिए कहा है। आयोजित मेले में शुद्धपेयजल, स्वच्छता, छांव तथा प्लास्टिक का प्रयोग न करने, मिट्टी के बर्तनों के प्रयोग को बढ़ावा दिए जाने, जनसहभागिता बढ़ाये जाने के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने इस अवधि में ग्राम चौपाल का आयोजन, पदयात्रा, प्रबुद्ध सम्मेलन, भव्य रूप से योग दिवस के आयोजन तथा मलिन बस्तियों में भी व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराये जाने के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद कुमार यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी श्री ए0के0 तिवारी, अपर जिलाधिकारी नजूल श्री संजय पाण्डेय सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

