प्रयागराज, 03 जून 2026 । सर्किट हाउस, प्रयागराज में आज प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष की श्री सुनील चौधरी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण अभियान-2026 की राजस्व मण्डलवार तैयारीयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में वाराणसी एवं प्रयागराज वृत्त की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, समन्वित और परिणामोन्मुख कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
बैठक में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठकें शीघ्र आयोजित करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के माइक्रोप्लान तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने तथा प्रत्येक जनपद एवं प्रभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया । पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों का ऊँचाईवार और प्रजातिवार विवरण, नर्सरी हेल्थ कार्ड, अग्रिम मृदा कार्य, साइट क्रियेशन, पॉलीगन अपलोडिंग तथा रोपण स्थलों की तैयारी की भी समीक्षा की गई ।
अध्यक्ष महोदय ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान-2026 को केवल विभागीय कार्यक्रम न मानते हुए जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए । इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रशासन, शैक्षणिक संस्थाओं तथा आमजन को जोड़ते हुए वृहद प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क और सहभागिता की प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
बैठक के पश्चात प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष महोदय के द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का स्थलीय निरीक्षण किया गया और गंगा एक्सप्रेसवे की दोनों पटरीयों को हरित स्थल के रूप मे विकसित किए जाने के निर्देश दिए और साथ ही साथ नदियों के किनारों, गंगा एक्सप्रेसवे की दोनों पटरी, विभागीय एवं अन्य विभागों को आवंटित स्थलों पर रोपण की तैयारियों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए । साथ ही, हरितमा ऐप के माध्यम से जियोटैगिंग, भू-निर्देशांक सहित फोटोग्राफी, रोपण स्थलों की सुरक्षा और सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
05 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस और 01 से 07 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित वन महोत्सव की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई । अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अभियान को “इलेक्शन मोड” में संचालित करते हुए लक्ष्यपूर्ति के साथ पौधों की उत्तरजीविता, गुणवत्ता और प्रभावी अनुश्रवण पर विशेष ध्यान दें, ताकि वृक्षारोपण अभियान-2026 पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई मजबूती प्रदान कर सके ।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे
श्री दीपक कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, योजना एवं कृषि वानिकी, उत्तर प्रदेश नोडल अधिकारी, श्री संजीव कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक / निदेशक, वानिकी प्रशिक्षण संस्थान, कानपुर नोडल अधिकारी (वाराणसी मण्डल), श्री एस.एन. मिश्रा, महाप्रबन्धक, उत्तर प्रदेश वन निगम –नोडल अधिकारी (प्रयागराज मण्डल) श्री मनोज कुमार सोनकर मुख्य वन संरक्षक, दक्षिणी क्षेत्र, प्रयागराज, वाराणसी वृत्त वाराणसी और प्रयागराज वृत्त प्रयागराज के वन संरक्षक और संबंधित प्रभागीय वनाधिकारी/प्रभागीय निदेशक/उप-निदेशक बैठक में उपस्थित रहे ।
