गोंडा की कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने आज बुधवार को मीडिया से बात करते हुए अयोध्या श्री राम मंदिर दान पत्र घपले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सरकार द्वारा गठित एसआईटी टीम की जांच पर बोलते हुए आरोपियों के खिलाफ उम्रकैद तक की कार्रवाई की मांग की है। सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि जांच में जितना भी समय लगे, लेकिन वह अच्छी होनी चाहिए। इस पूरे घोटाले या घपले में कोई भी आरोपी व्यक्ति बचना नहीं चाहिए।
सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि राम मंदिर हम सभी का सबसे बड़ा प्रतीक है, जो इतनी समस्याओं और लंबे समय के बाद बना है।.उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निवेदन करते हुए कहा कि कार्रवाई बहुत कड़ी होनी चाहिए। इस पूरे मामले में कोई भी व्यक्ति बचना नहीं चाहिए, चाहे उसे उम्रकैद की सजा मिले या किसी भी अन्य तरीके से दंडित किया जाए। किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए।
अन्य राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए, भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने टीएमसी में टूट को लेकर कहा कि टीएमसी का तो अब हो गया। वहीं, शिवसेना के उद्धव गुट में टूट पर उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि अमित शाह हैं, कुछ भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि नेताजी ने उन्हें हनुमान जी कहा था, और भाजपा में गृहमंत्री अमित शाह की वही भूमिका चल रही है।
संसद में महिला आरक्षण बिल के लंबित होने पर सांसद ने इसे एक बहुत जरूरी बिल बताया। उन्होंने कहा कि वह यह नहीं बता सकते कि यह क्यों पास नहीं हुआ और लोगों की मानसिकता क्या थी, लेकिन उन्हें लगता है कि आने वाले समय में यह बिल पास हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपने कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग की है और इस संबंध में विभाग को पत्र भेजकर कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा है।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
