प्रयागराज। संगम नगरी के विवेकानंद मार्ग पर स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पत्नी ने अपने पति को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में ही हाईवोल्टेज ड्रामा और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
पारिवारिक विवाद के बीच होटल पहुँचा था पति
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक का अपनी पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी बीच मंगलवार की शाम युवक अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर विवेकानंद मार्ग स्थित एक होटल में पहुँचा था।
पत्नी ने रंगे हाथों पकड़ा, लगाया आरोपों का अंबार
पति के होटल में होने की भनक लगते ही पत्नी भी कुछ ही देर में वहाँ धमक पड़ी। कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उसने मौके पर ही जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया और पति व उसकी गर्लफ्रेंड पर कई गंभीर आरोप लगाए। होटल में बढ़ते हंगामे को देख स्टाफ और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शांत कराया मामला, नहीं हुई लिखित शिकायत
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए मामले को शांत कराया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी तक पत्नी की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आपसी विवाद और शिकायत न मिलने के कारण पुलिस ने दोनों पक्षों को हिदायत देकर छोड़ दिया है।
