जिलाध्यक्ष की पहल पर हरकत में आया लोक निर्माण विभाग, कुल्हुई-लोटन तिराहे की जर्जर सड़क का हुआ सर्वे
दो से चार दिनों में गड्ढों की होगी मरम्मत, अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
महराजगंज। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल जनपद महाराजगंज के जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल की मांग पर लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया। बीते मंगलवार को जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग महाराजगंज के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता से मुलाकात कर कुल्हुई बाजार स्थित लोटन तिराहे की जर्जर सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा था।
ज्ञापन में बताया गया कि कुल्हुई-लोटन मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्ततम मार्ग है, जहां से बस्ती, सिद्धार्थनगर होते हुए नेपाल जाने वाली मालवाहक एवं टूरिस्ट गाड़ियां प्रतिदिन गुजरती हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे आम जनता एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल ने सड़क की तत्काल मरम्मत कर अस्थायी समाधान कराने की मांग की थी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि टीम मौके पर पहुंचकर सर्वे करेगी।
इसी क्रम में बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मौके पर पहुंचे और जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल की मौजूदगी में सड़क का निरीक्षण एवं सर्वे किया। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आगामी दो से चार दिनों के भीतर डीबीएम के माध्यम से गड्ढों को भरकर सड़क का अस्थायी मरम्मत कार्य कराया जाएगा, जिससे राहगीरों को राहत मिल सके।
