जिलाधिकारी की बैठक में गूंजा कोल्हुई के विकास का मुद्दा, CHC हेतु भूमि चिन्हांकन की मांग तेज
सार्वजनिक शौचालय, आरसीसी सड़क व पशु चिकित्सालय निर्माण को लेकर सौंपा गया मांग पत्र
महराजगंज। विकासखंड बृजमनगंज अंतर्गत कोल्हुई क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों को लेकर उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने मंगलवार को जिलाधिकारी महाराजगंज को जिला उद्योग/व्यापार बंधु की बैठक में विस्तृत मांग पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।
सौंपे गए मांग पत्र में कोल्हुई बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पशु चिकित्सालय के समीप लगभग 90 मीटर इंटरलॉकिंग/आरसीसी सड़क निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की स्थापना तथा राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण/नवीन निर्माण जैसी महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
प्रिन्स जायसवाल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उक्त मांगों को लेकर पूर्व में तत्कालीन जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण हेतु पशु चिकित्सालय परिसर स्थित भूमि का चिन्हांकन कराया जा चुका है। वहीं, राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण/नवीन निर्माण को लेकर विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि कोल्हुई क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की स्थापना समय की बड़ी आवश्यकता बन चुकी है, लेकिन लगभग दो एकड़ उपयुक्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण यह महत्वपूर्ण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। इस संबंध में ग्राम सभा पिपरा परसौनी अथवा कोल्हुई बाजार से सटे अन्य उपयुक्त ग्राम सभाओं में शीघ्र भूमि चिन्हांकन कराने की मांग की गई।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक शौचालय, राजकीय पशु चिकित्सालय एवं लगभग 90 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव विकासखंड बृजमनगंज की कार्ययोजना में शामिल किया जा चुका है।
बैठक के समापन के बाद उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ से मुलाकात कर उक्त मांगों के संबंध में विस्तार से वार्ता की तथा जनहित में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से क्षेत्रीय जनता की मूलभूत सुविधाओं एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए सभी प्रस्तावित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने की मांग की है।
