गोंडा पुलिस को महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कटरा बाजार पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित आरोपी श्याम बाबू गौतम को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उसके पैतृक गांव सरैया, थाना परसपुर स्थित घर से पकड़ा गया और न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक गोंडा ने महिला संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के निर्देशन में थाना कटरा बाजार पुलिस सक्रिय थी। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना कटरा बाजार में 14 जनवरी 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 010/2026 के तहत दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 70(2), 123, 127, 137(2), 140(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5J(ii)/6 एवं 16/17 लगाई गई हैं। घटना 13 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र के मैजापुर डीहा गांव में हुई थी।
वादी ओमकारनाथ शुक्ला ने अपनी तहरीर में कई लोगों को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी श्याम बाबू गौतम अपने पैतृक गांव सरैया में मौजूद है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष विश्वकर्मा ने टीम के साथ दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी श्याम बाबू पुत्र रामसूरत गौतम ग्राम सरैया, थाना परसपुर, जनपद गोंडा का निवासी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र में भी रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस गिरफ्तारी अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष विश्वकर्मा और कांस्टेबल अमन सोनी शामिल थे।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
