दिव्यांगजन बच्चों हेतु निर्मित ‘अनुभव वीथिका’ का जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज एवं श्री संजय श्रीनेत द्वारा अवलोकन
इलाहाबाद संग्रहालय में दिव्यांगजन बच्चों हेतु निर्मित ‘अनुभव वीथिका’ का आज रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं कुलाधिपति जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री संजय श्रीनेत द्वारा भ्रमण एवं अवलोकन किया गया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने वीथिका के उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा वहां स्थापित 11 प्रमुख विरासत स्थलों एवं 10 वन्यजीवों की प्रतिकृतियों का अवलोकन किया। इन प्रतिकृतियों को ब्रेल लिपि, श्रव्य उपकरणों एवं स्पर्श आधारित तकनीकों के उपयोग से विशेष रूप से विकसित किया गया है, ताकि दिव्यांगजन बच्चे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को अनुभवात्मक रूप से समझ सकें।
भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त एवं निदेशक, इलाहाबाद संग्रहालय, श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए संग्रहालय की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक महत्व एवं यहां संरक्षित विविध संग्रहों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इलाहाबाद संग्रहालय को देश के प्रमुख संग्रहालयों में से एक बताते हुए कहा कि यह संस्थान स्वतंत्रता आंदोलन, साहित्य, कला, पुरातत्व एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण धरोहरों का संरक्षण कर रहा है।
इस अवसर पर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज को संग्रहालय के लघु चित्र संग्रह से लगभग 19वीं शताब्दी की राजस्थानी शैली में निर्मित ‘राम विवाह’ चित्र भेंट किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने वीथिका में स्थापित श्रीराम मंदिर एवं काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृतियों को स्पर्श कर उनका अनुभव प्राप्त किया। अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने इस पहल को दिव्यांगजन बच्चों के लिए सांस्कृतिक धरोहरों को अनुभव करने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास उनके आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इसी क्रम में संग्रहालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र हिमांशु द्वारा गायन प्रस्तुति दी गई, जिसकी सराहना श्री संजय श्रीनेत द्वारा की गई। अपने संबोधन में उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि दृढ़ता, इच्छाशक्ति एवं निरंतरता ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं तथा सभी विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजू मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपनिदेशक, प्रयागराज मंडल, श्री अभय कुमार श्रीवास्तव, श्री अशोक कुमार गौतम तथा इलाहाबाद संग्रहालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री सुनील कुमार पाण्डेय का विशेष सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि ‘अनुभव वीथिका’ का उद्घाटन गत 6 मई को उत्तर प्रदेश की माननीया राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया था तथा यह वीथिका 16 मई तक संचालित की जाएगी।

