जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश



जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयी शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के दिए निर्देश


समाधान दिवस में कुल 537 प्रकरण सुनवाई के लिए आयें, 04 प्रकरणों का मौके पर किया गया निस्तारण


जिलाधिकारी ने पोषण अभियान के अन्तर्गत 3 महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का कराया अन्नप्राशन


प्रयागराज 04 अप्रैल।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील हण्डिया में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिए निर्देशित किया है। इस अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों के द्वारा उनसे सम्बंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की एवं सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र लोगो को योजनाओं से लाभान्वित कराये जाने हेतु निर्देशित किया है।  


      जिलाधिकारी ने तहसील में पोषण अभियान के अन्तर्गत 3 महिलाओं की गोदभराई एवं 2 बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं को लगाये जाने वाले टीको के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।  


जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं को सुनते हुए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरण की जमीनी स्तर पर जांच कर शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्धता के साथ निस्तारित करने एवं प्रार्थनापत्रों की समयबद्ध जांच, कार्रवाई एवं समस्याओं के निस्तारण में विलम्ब होने पर सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।


      जिलाधिकारी ने कहा कि जन-शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं में से एक है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता का फीडबैक लेने और शिकायतों के निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट भी कराये जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आयें हुए वरासत, अवैध कब्जा व अन्य शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण किए जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने प्रार्थनापत्रों की अलग-अलग सूची बनाकर सम्बंधित को आवश्यक कार्यवाही करने एवं ऐसे प्रकरण जिनका निस्तारण त्वरित रूप से किया जा सकता है, उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए है।


सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील हण्डिया में कुल 537 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग से सम्बंधित 309, पुलिस विभाग 79, ग्राम विकास विभाग की 45, खाद एवं रसद विभाग-42, विद्युत विभाग-19, जिला पंचायत राज अधिकारी-07, पीडब्लूडी विभाग की-06, अधिशासी अधिकारी-05, जल निगम की 03, जिला विद्यालय निरीक्षक-03, स्वास्थ्य विभाग-02, चकबंदी-02, नलकूप-02, कृषि विभाग-01, बैंक-01 व अन्य विभागों से सम्बंधित 11 थी, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागांें के अधिकारियों को शिकायतों को आज ही प्राप्त करते हुए उनको निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा है कि शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत हो जाना चाहिए।


समाधान दिवस में श्री संतोष कुमार पुत्र श्याम लाल निवासी ग्राम होलापुर के द्वारा गांव के ही गौरी शंकर व अन्य लोगो के द्वारा सरकारी अभिलेख में नवीन परती व स्कूल खाते में दर्ज सरकारी भूमि पर पूर्ण रूप से अवैध रूप से कब्जा किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी हण्डिया व एसीपी हण्डिया को सरकारी जमीन तत्काल खाली कराये जाने के निर्देश दिए है। श्री पवन कुमार पुत्र बनारसी लाल निवासी ग्राम छिड़ी के द्वारा विपक्षी रूपनाथ व मोतीलाल के द्वारा उनके पुस्तैनी छप्पर में नाद रखने व गाय बांधकर जमीन को कब्जा करने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी व थानाध्यक्ष को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। प्रार्थी राजीव यादव निवासी मवैया ने विपक्षी अजीत यादव के द्वारा उनपर जानलेवा हमला करने व उनके साथ मारपीट किए जाने पर विपक्षी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्यवाही कराये जाने का अनुरोध किया जिसपर जिलाधिकारी ने डीसीपी गंगानगर को विधिसंगत कार्यवाही किए जाने के लिए कहा है। प्रार्थी सूर्यमणि तिवारी निवासी ग्राम बनपुरवा सरायपीथा ने ग्राम प्रधान के द्वारा बिना सीमांकन कराये उनकी भूमिधरी जमीन पर मिट्टी डालकर सड़क बनाये जाने एवं उनकी जमीन पर डाली गयी मिट्टी को अभी तक हटवाये नहीं जाने की शिकायत की गयी, जिसपर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी हण्डिया को प्रकरण की जांच कराते हुए आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए है। इसी प्रकार श्री देवी प्रसाद निवासी ग्राम सदरेपुर के द्वारा राजस्व टीम की पैमाइश में उनके हिस्से में आयीं जमीन पर तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी विपक्षी के द्वारा पूर्व के कब्जे को अभी तक हटाकर जमीन खाली नहीं किए जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने एसडीएम हण्डिया को प्रकरण में एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करते हुए अवगत कराये जाने के निर्देश दिए है। एडवोकेट श्री विनय तिवारी पुत्र श्री हरिहर नाथ तिवारी निवासी ग्राम जवराडी ने राजगीर मिस्त्री के द्वारा भवन निर्माण हेतु बयाना के तौर पर तीन हजार रूपये लेकर काम नहीं करने तथा पूरा पैसा भी वापस नहीं किए जाने की शिकायत की, जिसपर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष हण्डिया को नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए कहा है।

   

      इस अवसर पर डीपी गंगानगर श्री कुलदीप सिंह गुनावत, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री संजीव कुमार शाक्य, उपजिलाधिकारी हण्डिया श्री रामेंद्र सिंह,पीडी श्री भूपेन्द्र कुमार , ज़िला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies