कानपुर यूनिवर्सिटी में कानपुर परिक्षेत्र के प्रथम N-GEN डाकघर का हुआ लोकार्पण
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कानपुर यूनिवर्सिटी में कानपुर परिक्षेत्र के प्रथम N-GEN डाकघर का हुआ लोकार्पण



दिनांक: 10 अप्रैल 2026

दिनांक 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में कानपुर परिक्षेत्र के प्रथम N-GEN (Next Generation) मॉडल पर आधारित नवीनीकृत कानपुर यूनिवर्सिटी उप डाकघर का लोकार्पण मुख्य अतिथि प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी (प्रति-कुलपति) एवं प्रणव कुमार (चीफ पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश सर्किल, लखनऊ) के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।


सर्वप्रथम अशोक कुमार यादव (पोस्टमास्टर जनरल, कानपुर परिक्षेत्र) ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि N-GEN डाकघर ग्राहकों, विशेषकर छात्रों की बदलती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग आईटी आधारित एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) के माध्यम से डिजिटल परिवर्तन के नए युग में प्रवेश कर चुका है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा।


प्रणव कुमार ने अपने उद्बोधन में कानपुर परिक्षेत्र के प्रथम N-GEN उप डाकघर की परिकल्पना को साकार करने पर विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया और फाइन आर्ट्स विभाग के विद्यार्थियों की सराहना की। मुख्य अतिथि प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने विश्वविद्यालय और डाक विभाग की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार विश्वविद्यालय प्रगति कर रहा है, उसी प्रकार डाक विभाग भी आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के साथ डाक विभाग की सेवाओं के लिए एमओयू हस्ताक्षर का सुझाव भी दिया।


विशिष्ट अतिथि राकेश कुमार मिश्रा (कुलसचिव) ने डाक विभाग के इतिहास से वर्तमान तक की यात्रा का विस्तार से वर्णन किया।


कार्यक्रम में सुबोध प्रताप सिंह (निदेशक, डाक सेवाएं), अंजली मौर्य (उपकुलसचिव), प्रवीण भाई पटेल (संपत्ति अधिकारी), वी. के. मिश्रा (सहायक अधीक्षक डाकघर – पूर्व), वी. के. अग्निहोत्री (सहायक अधीक्षक – पश्चिम), हिमांशु शुक्ला (निरीक्षक डाकघर), प्रकाश चंद्र मिश्रा (पोस्टमास्टर), गौरव गुप्ता, शिवानंद तिवारी, अमर अग्निहोत्री एवं राजेंद्र (पोस्टमैन) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


इस अवसर पर N-GEN उप डाकघर के उन्नयन में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग के 8 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।


कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीकांत अग्रवाल द्वारा तथा आभार ज्ञापन राम सिंह राना (प्रवर अधीक्षक डाकघर, कानपुर नगर मंडल) द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि डाकघर परिसर को कानपुर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को दर्शाने के लिए विशेष रूप से सजाया गया है।


परिसर की दीवारों पर आईआईटी कानपुर, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर प्रधान डाकघर, लाल इमली, जे.के. मंदिर एवं ग्रीन पार्क स्टेडियम जैसे प्रमुख स्थलों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। साथ ही मोटरसाइकिल से डाक वितरण करते डाकिया का चित्र, सेल्फी प्वाइंट और आधार सेवा केंद्र भी स्थापित किया गया है, जहां समय-समय पर स्मारक डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


यह आधुनिक उप डाकघर न केवल डाक सेवाओं को सशक्त बनाएगा, बल्कि विश्वविद्यालय के छात्रों एवं आम नागरिकों को एक नवीन, डिजिटल और सुविधाजनक अनुभव भी प्रदान करेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies