गोंडा: अखिलेश ने मुलायम सिंह यादव टूर्नामेंट का उद्घाटन किया:बोले- सरकार बनने पर गोंडा में मिलेगी विश्वस्तरीय खेल सुविधा, 200 करोड़ खर्च करेंगे...
गोंडा जिले के जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज मैदान में रविवार से पांच दिवसीय रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हो गया। स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ‘नेताजी’ के नाम पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्चुअल माध्यम से किया।
उद्घाटन के दौरान अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे फॉर्मेट के क्रिकेट, खासकर टेनिस क्रिकेट की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और ऐसे आयोजन ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में समाजवादी सरकार के दौरान आयोजित ग्रामीण क्रिकेट लीग का जिक्र करते हुए कहा कि उस पहल से गांवों के कई खिलाड़ियों को पहचान मिली थी। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि गोंडा में लगातार इस तरह के आयोजन होना सकारात्मक संकेत है।
अखिलेश यादव ने भविष्य को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो गोंडा में सभी खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए 100 से 200 करोड़ रुपये तक का कॉर्पस फंड बनाया जा सकता है, जिससे खेल ढांचे को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर टेनिस क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अलग नीति बनाकर इसे राज्य स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि सपा सरकार के दौरान लखनऊ समेत कई शहरों में आधुनिक स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित की गई थीं, उसी तर्ज पर गोंडा के खिलाड़ियों को भी बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह टूर्नामेंट 10 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें फाइनल मुकाबला रात 8 बजे खेला जाएगा। विजेता टीम को 3 लाख रुपये और उपविजेता को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को स्कूटी और सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को भी स्कूटी देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता का आयोजन सपा नगर अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी, सभासद फहीम सिद्दीकी और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से यह टीम लगातार इस तरह के आयोजन कर रही है, जिसे अब मुलायम सिंह यादव की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
