जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ की तैयारियों के सम्बंध में की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश
प्रयागराज 29 अप्रैल।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी सभागार में सम्भावित बाढ़ की तैयारियों के सम्बंध में स्टीयरिंग ग्रुप/स्टेक होल्डर के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण किए जाने का निर्देश सभी सम्बंधित विभागों को दिए है। बैठक में जिलाधिकारी ने मम्फोर्डगंज एसटीपी के अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराते हुए अपर जिलाधिकारी नगर की अध्यक्षता में स्टेक होल्डर की बैठक कराकर नगर निगम को हैण्ड ओवर की कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बोरी, बालू की उपलब्धता, लाइफ जैकेट, नांव की लिस्टिंग व दर निर्धारित करने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बाढ़ चौकियों को चिन्हित करते हुए उनमें सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने जलभराव, नालों की सफाई, सीवर की सफाई एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का निर्देश नगर निगम एवं जल संस्थान को दिया है। उन्होंने नगर क्षेत्र के अल्लापुर, जार्जटाउन सहित अन्य क्षेत्र, जहां बरसात से जल भराव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां पर नालों की साफ-सफाई में विशेष ध्यान दिए जाने के लिए कहा है, जिससे पानी का बहाव तेजी से और वाटर लागिंग न होने पाये। जिलाधिकारी ने बाढ़ के समय स्लूज गेटों के बंद होने पर पानी की निकासी के लिए पम्पों की क्रियाशीलता को चेक कराते हुए उनकों क्रियाशील बनाये जाने तथा स्लूज गेटों की ऑयलिंग व ग्रीसिंग भी कराये जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को पशुओं की दवाईयों, टीकाकरण, भूसा-चारा एवं पेयजल की समुुचित एवं पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने बाढ़ के समय बाढ़ से उत्पन्न होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था, ब्लीचिंग, फागिंग, कीटनाशक एवं एण्टीलार्वा का छिड़काव नियमित रूप से कराये जाने हेतु पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि जहां पर पिछले वर्ष डेंगू का प्रकोप अधिक था, वहां पर साफ-सफाई का विशेष अभियान पहले से ही सुनिश्चित करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा है कि मेडिकल किट एवं मोबाइल एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था रहे, जिससे कि जहां पर भी आवश्यकता हो, वहां पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सके। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ढीले एवं जर्जर तारों एवं जर्जर पोलों को पहले से ही ठीक कराये जाने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया है कि जिन-जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी प्रत्येक वर्ष आता है तथा प्रकाश व विद्युत की समस्या उत्पन्न होती है, ऐसे क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था की की समुचित तैयारी रखे।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर बाढ़ आने की सम्भावना रहती है, वहां पर पहले से ही पेट्रोमैक्स, सोलर लाइट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने नांव एवं मोटर बोट की उपलब्धता भी सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा बाढ़ चौकियों में पुलिस पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस विभाग को कहा है। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणकर बाढ़ चौकियों एवं शरणालयों को चिन्हित किए जाने एवं उनकी स्थापना के सम्बंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी की व्यवस्था हेतु पानी के टैंकर की भी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा है। जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर साफ-सफाई की व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, उपजिलाधिकारीगण, खण्ड विकास अधिकारी व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
