गोंडा में 50 हजार का इनामी मोहम्मद बिलाल गिरफ्तार:यूपी STF और परसपुर पुलिस ने MP से पकड़ा
गोंडा जिले में गौ-तस्करी के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद बिलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई परसपुर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश देकर की।
2024 से चल रहा था फरार
पुलिस के अनुसार मोहम्मद बिलाल के खिलाफ 5 जनवरी 2024 को परसपुर थाने में पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया था। उस समय वह एक ट्रक में गोवंश लादकर ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया था।
MP में छिपकर रह रहा था आरोपी
फरारी के बाद आरोपी मध्य प्रदेश में ठिकाना बनाकर रह रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
पहले पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, लेकिन लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर आईजी देवीपाटन रेंज अमित पाठक ने इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया।
कई राज्यों में करता था तस्करी
पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गोवंश लादकर हरियाणा, पंजाब, बिहार और पश्चिम बंगाल तक तस्करी करता था।
कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
परसपुर थाना अध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को गोंडा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
