सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में गोंडा की बड़ी छलांग, 52वें से पहुंचा 26वें स्थान पर
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी सीएम डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में गोंडा जिले ने बड़ा सुधार करते हुए 26वां स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के आधार पर जारी की जाती है।
पिछले महीने जनवरी में गोंडा 52वें स्थान पर था, लेकिन फरवरी की रैंकिंग में जिले ने उल्लेखनीय सुधार किया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की लगातार समीक्षा बैठकों और विकास कार्यों में तेजी लाने के प्रयासों को इस सुधार का मुख्य कारण माना जा रहा है।
86 में से 77 योजनाओं में ‘A’ ग्रेड
जिले ने कुल 86 विकास मदों में से 77 में ‘A’ श्रेणी हासिल की है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कई योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया गया है। हालांकि कुछ योजनाओं में अभी सुधार की आवश्यकता बताई गई है।
इन योजनाओं में पाई गई कमी
समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में प्रगति धीमी पाई गई, जिनमें शामिल हैं:
• ग्राम पंचायतों में धनराशि खर्च की धीमी प्रगति
• फैमिली आईडी निर्माण
• पीएम सूर्य घर बिजली योजना
• आईसीडीएस
• अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति के डेटा ट्रांसफर
• कुछ निर्माण कार्यों में देरी
डीएम ने दिया टॉप-10 में आने का लक्ष्य
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि अगले महीने की रैंकिंग में गोंडा को टॉप-10 में लाने का लक्ष्य रखा गया है, और इसके लिए सभी विभागों को तेज गति से काम करना होगा।
प्रशासन ने सभी विभागों को नियमित समीक्षा, पोर्टल पर सही डेटा अपलोड करने और योजनाओं का लाभ समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
