जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को नगर आयुक्त श्री साई तेजा व डीसीपी श्री मनीष कुमार शांडिल्य के साथ शिवरात्रि पर्व के अवसर पर मनकामेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन- पूजन में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, के दृष्टिगत की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए l उन्होंने श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश व निकास की अलग- अलग लाइन की व्यवस्था किये जाने तथा दोनों लाइन के मध्य बैरिकेडिंग लगाए जाने, पेयजल की आपूर्ति हेतु वाटर टैंकर लगाये जाने, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में प्रकाश की समुचित व्यवस्था किए जाने तथा वहां पर लगायी जा रही सजावटी लाइटे एवं अन्य विद्युत से संबंधित कार्यों की विद्युत सुरक्षा विभाग से जांच कराते हुए विद्युत सुरक्षा के मानकों का अनुपालन कराए जाने के लिए कहा है l उन्होंने मंदिर के पास लगने वालीं दुकानों को उचित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से लगवाए जाने के लिए कहा है l इस अवसर पर एसीपी श्री राजीव कुमार सहित नगर निगम, विद्युत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे l

