गोण्डा। आज दिनांक 12.02.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय द्वारा पुलिस कार्यलय में SPEL कार्यक्रम से जुड़े छात्र/छात्राओं हेतु उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्र/छात्राओं को भारतीय पुलिस सेवा एवं प्रांतीय पुलिस सेवा में चयन की प्रक्रिया, भर्ती प्रणाली, प्रशिक्षण ढांचा, पदानुक्रम, तथा पुलिस अधिकारियों के दायित्वों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इसके अतिरिक्त उन्हें पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, विवेचना, जनसुनवाई, आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की भूमिका आदि विषयों से अवगत कराया गया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को पुलिस नियंत्रण कक्ष, यूपी-112 आपातकालीन सेवा, नार्काेटिक्स सेल, विशेष जांच प्रकोष्ठ, स्थानीय अभिसूचना इकाई, मीडिया सेल सहित अन्य शाखाओं के कार्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गयी, जिससे छात्र/छात्राएं पुलिसिंग के विभिन्न आयामों को नजदीक से समझ सकें। महोदय द्वारा छात्र/छात्राओं को कानून का पालन करने, समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस व जनता के बीच सकारात्मक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्हें भविष्य में पुलिस सेवा सहित अन्य प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र/छात्राओं द्वारा विभिन्न जिज्ञासाएं व्यक्त की गयीं, जिनका अधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए पुलिस विभाग के प्रति बेहतर समझ विकसित होने की बात कही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पुलिस कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाना है।
, गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
