कर्नलगंज, गोण्डा। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीरापुर शाहपुर तिवारी पुरवा निवासी अकबाल बहादुर तिवारी उर्फ थानेदार तिवारी उम्र करीब 70 वर्ष का मंगलवार- बुधवार की बीती रात निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे अकबाल बहादुर तिवारी क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित और सम्पन्न सामाजिक व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। अकबाल बहादुर तिवारी ने लगभग 40 वर्षों तक उचित दर विक्रेता (राशन वितरक) और एलआईसी एजेंट के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उनकी सेवाओं और सामाजिक योगदान के कारण क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी। अपनी युवावस्था में लंबे-चौड़े कद-काठी और प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी अकबाल बहादुर जब अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकलते थे, तो लोग उन्हें बड़े सम्मान और आदर के साथ "थानेदार तिवारी" के नाम से पुकारते थे। उनका यह उपनाम उनकी दमदार शख्सियत और क्षेत्र में उनके प्रभाव का प्रतीक बन गया था।लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थानेदार तिवारी का इलाज चल रहा था, लेकिन बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही तिवारी पुरवा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके परिवार में शोकाकुल माहौल है, और क्षेत्रवासी उनकी स्मृति को नमन कर रहे हैं। अकबाल बहादुर तिवारी के योगदान को क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा।