राजधानी लखनऊ में बृहस्पतिवार रात सरोजनी नगर के दरोगा खेड़ा निवासी वेल्डिंग कारीगर विकास गौतम (21) ने फंदा लगा लिया। इसके अलावा गोसाईगंज, चिनहट, गोमती नगर और तालकटोरा में भी छह लोगों ने खुदकुशी कर ली। सरोजनी नगर स्थित दरोगा खेड़ा निवासी सूरज ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात भाई विकास शराब के नशे में घर आया और सो गया। अगले दिन सुबह वह अपने कमरे में धोती से कुंडे के सहारे लटकता मिला। सूरज ने बताया कि विकास का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती के भाई ने विकास को बहन से दूर रहने की हिदायत दी थी। इस कारण वह लगातार डिप्रेशन में चल रह रहा था। दूसरा मामला गोमती नगर के विराम खंड का है। यहां के निवासी बृजमोहन ने बताया कि बेटा रोहित चौधरी (34) कुछ दिनों से बेरोजगारी के चलते डिप्रेशन में चल रहा था। सोमवार सुबह देर तक बेटे के ना जगने पर घरवाले उसे जगाने गए तो रोहित चादर से पंखे के सहारे लटकता मिला।
तीसरी घटना तालकटोरा स्थित सोनापुरम का है। यहां की रहने वाली नैंसी वर्मा (24) ने शुक्रवार की दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी।
चौथा मामला गोसाईंगंज के जलालाबाद गांव का है। गांव निवासी पारस रावत (25) ने शुक्रवार की रात गांव के बाहर पेड़ की डाल से गमछे के सहारे फंदा लगा लिया। इंस्पेक्टर ब्रिजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पारस रावत शुक्रवार देर रात घर से निकले थे। सुबह करीब 6.00 बजे ग्रामीणों को पारस का शव पेड़ से लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। भाई अभिषेक ने बताया कि पासर लिफ्ट लगाने का काम करता था।
पांचवा मामला सरोजनी नगर थाना इलाके के दरोगा खेड़ा का है। मूलरूप से उन्नाव निवासी अंकिता (24) परिवार के साथ दरोगा खेड़ा में रहती थी। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि अंकिता का पड़ोसी युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बृहस्पतिवार को दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद से आहत अंकिता ने प्रेमी के कमरे में ही दुपट्टे से पंखे के हुक के सहारे फंदा लगा लिया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
छठा मामला भी सरोजनी नगर के दरोगा खेड़ा का ही है। यहां के निवासी हरिश्चंद्र (65) ने घर में बृहस्पतिवार की रात लुंगी से पंखे के हुक के सहारे आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि हरिश्चंद्र के खुदकुशी करने का कारण पता नहीं चल सका है।
सातवां मामला चिनहट के इमलिया गांव का है। गांव निवासी कुसुम यादव (30) ने बीमारी से परेशान होकर शनिवार की दोपहर 12:30 बजे दुपट्टे से पंखे के सहारे फंदा लगा लिया। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र ने बताया कि घरवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।