प्रयागराज, मेजा: प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के डेलौहां गांव में गुरुवार रात एक कच्चा मकान ढह गया। घटना रात 8 बजे की है। मकान के मालिक विजय पटेल और उनका परिवार भोजन करके दूसरे मकान में चले गए थे। इसी दौरान मकान भरभराकर गिर पड़ा।
मकान में रखा गेहूं, चावल, कुर्सी और चारपाई समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया। विजय पटेल ने बताया कि मकान के बगल में नाली बनी हुई थी। नाली से पानी की निकासी ठीक से नहीं होने से जलजमाव हो गया था। इससे दीवारें गीली हो गईं और मकान पहले से ही जर्जर हो चुका था।
घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की मांग की है।