आगरा के शाहगंज के वायु विहार मार्ग पर मंगलवार को हुई एक किशोर की हत्या का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे बाद कर दिया। पुराने कर्मचारी सोहेल को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने पर पूछताछ में वजह भी सामने आ गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि किशोर उसे अक्सर चोर बोलकर चिढ़ाता था। इससे पहले गला दबाया, फिर ईंट से प्रहार कर मार डाला। शाहगंज इलाके के रहने वाले फैक्टरी कर्मचारी के तीन बेटे और एक बेटी है। किशोर उम्र का बेटा (16) मंगलवार शाम को 4:30 बजे घर से निकला था। मगर, वापस नहीं आया। रात 11 बजे पृथ्वीनाथ फाटक पुलिस चौकी पर सूचना दी गई। बुधवार को पुलिस को पथौली मार्ग पर एक शव मिला। परिजन ने कपड़ों और फोटो से पहचान की। सिर पर प्रहार थे। गला भी दबाया गया था।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसमें वह एक युवक के साथ स्कूटर पर जाता नजर आया। स्कूटर चालक की पहचान दौरैठा निवासी सोहेल के रूप में हुई। बुधवार देर रात पुलिस पथौली मार्ग पर हत्यारोपी की तलाश के लिए चेकिंग कर रही थी। तभी वह स्कूटर से जाता नजर आया।
रोकने पर सोहेल ने पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से सोहेल घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
-दो बार लाश को देखने आया, फिर किए प्रहार
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि सोहेल और किशोर उम्र का लड़का दोनों पास रहते थे, दोनों में पहचान थी। किशोर अक्सर सोहेल को चोर कहकर कमेंट करता था। यह बात उसे नागवार लगती थी। वारदात वाले दिन सोहेल उसे स्कूटी पर बैठाकर ले गया। वायु विहार मार्ग पर किशोर का गला दबाया और फिर ईंट से सिर पर प्रहार किए।
शव को झाड़ियों में फेंका और वहां से चला गया। कुछ देर बाद फिर से दो बार वहां आया, जिससे पता कर सके कि किशोर कहीं जिंदा तो नहीं बच गया। झाड़ियों में पड़ी किशोर की लाश पर उसने ईंट से प्रहार किए। इसके बाद वो वहां से निकल गया।
पांच साल पहले साथ में करता था काम
लड़के के पिता ने बताया कि वह पांच साल पहले आजमपाड़ा में रहते थे। कपड़े की ठेल लगाते थे। मकान के पीछे वाली गली में आरोपी सोहेल भी रहता था। वह अक्सर ठेल पर काम करने के लिए आ जाता था। मगर, उसकी आदत ठीक नहीं थी। चोरी करता था। इस कारण घर में आना रोक दिया। बेटे से भी बात करने के लिए मना कर दिया। मगर, वो अक्सर घर के बाहर से निकलकर जाता था।
एसीपी ने बताया कि सोहेल को नवंबर, 2024 में थाना लोहामंडी पुलिस पकड़ा था। उसने एक चाय वाले से धोखाधड़ी की थी। चाय वाले को बाइक शोरूम में ले गया था। उसे अपना पिता बताया था।
