प्रयागराज: जानसेनगंज के पास स्थित लक्ष्मी होटल में बृहस्पतिवार दोपहर एक युवक ने सल्फास खाकर जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला। उसमें लिखा है कि वह अपनी मर्जी से जान दे रहा है। मेरी मौत के बाद घरवालों को परेशान नहीं किया जाए। कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मूलरूप से फतेहपुर के एराना अकिलपुर गोराहार निवासी प्रेम कुमार (23) बुधवार को प्रयागराज आया था। दोपहर तीन बजे लक्ष्मी होटल में कमरा बुक किया। उसे कमरा नंबर 227 मिला था। बृहस्पतिवार दोपहर 3:50 बजे जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आया तो होटलकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया। लेकिन, भीतर से कोई आवाज नहीं आई। खिड़की से झांककर देखा गया तो प्रेम कुमार अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर प्रेम को एसआरएन में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला कि प्रेम ने सल्फास की गोली खाई है। बहरहाल, शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर मामले की सूचना परिजनों को दे दी है। रात 12 बजे तक परिवार प्रयागराज नहीं पहुंच सका था।
प्रेम के हाथ में लगी थी ड्रिप
घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो प्रेम के पास बहुत सारी दवाइयां बिखरी पड़ी थी। साथ ही उसके हाथ में ड्रिप भी लगी थी। वहीं पास एक सुसाइड नोट पड़ा था, जिसमें घरवालों को परेशान नहीं करने की बात लिखी गई थी। कोतवाली थाना प्रभारी दीन दयाल ने बताया कि मामले की जानकारी प्रेम के परिजनों को दे दी गई है।
