हलिया। लालगंज थाना क्षेत्र के उसरी खम्हरिया गांव के पास सोमवार को देर रात बोलेरो के टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हाे गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। हलिया क्षेत्र के बसुहरा गांव निवासी रामप्रसाद (30) अपने भाई जोगेंद्र (28) व रिश्तेदार लालगंज थाना क्षेत्र के मदहा गांव निवासी चिंटू (22) के साथ सोमवार की रात एक बाइक पर सवार होकर लालगंज क्षेत्र के उसरी खम्हरिया गांव में किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उसरी खम्हरिया गांव में पीछे से आ रहे बोलेरो चालक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस के ईएमटी संतोष भारती तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर गए। जहां से तीनों को मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल में चिकित्सक ने जोगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलने पर जोगेंद्र की पत्नी क्रांति का रो-रोकर बुरा हाल है। जोगेंद्र से एक दो वर्ष की पुत्री है। वे खेती कर जीवन यापन करते थे। लालगंज थानाध्यक्ष ज्ञानु प्रिया ने बताया कि बोलेरो के टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
.jpg)