प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों ने लाइब्रेरी में व्याप्त तमाम समस्याओं को लेकर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पुराने जमाने की लाइब्रेरी में किताबों की कमी है और जर्नल व अध्ययन सामग्री भी नहीं है। आपात बैठक में रखी गईं लाइब्रेरी की समस्याएं
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर छात्रसंघ बहाली, 400% फीस वृद्धि व कुलपति की अवैध नियुक्ति के खिलाफ चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता अजय यादव सम्राट की अगुवाई में आपात बैठक हुई। छात्रों ने लाइब्रेरी में विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी बात को बारी बारी से रखी। इसके बाद अनशन कारियों ने अनशन स्थल से जाकर कुलपति दफ्तर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
लाइब्रेरी में पर्याप्त मात्रा में कुर्सी भी नहीं
छात्रों ने कुलपति से मांग की कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी सदियों पुरानी लाइब्रेरी है। इसी लाइब्रेरी से पढ़कर निकले लोग इस देश का नेतृत्व कर रहे हैं। आज भी देश के कोने कोने में और उच्च पदों पर विराजमान हैं। केंद्रीय लाइब्रेरी में जर्नल और अध्ययन सामग्री ना के बराबर है। जो है वह भी पुराने जमाने की है। आउट डेटेड है। लाइब्रेरी किताबों की कमी से जूझ रही है। छात्र छात्राओं को बिना अध्ययन सामग्री के पढ़ाई करने में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ कंप्यूटर लैब छात्रों के अनुपात में कंप्यूटर नहीं है। कंप्यूटर लैब जो भी कंप्यूटर हैं वह कहीं न कहीं टेक्निकल रूप से ध्वस्त हो चुके हैं। बैठने के लिए लाइब्रेरी में पर्याप्त मात्रा में कुर्सी नहीं है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन में काफी व्यवधान उत्पन्न हो रहे हैं। छात्रों ने शीघ्र व्याप्त अनियमितताओं को दुरुस्त कराने की चेतावनी दी है अन्यथा की स्थिति में आंदोलन होगा। इस मौके पर छात्र नेता त्र्यंबक नाथ,गोलू पासवान, अभिषेक यादव, जलज यादव, हरेंद्र यादव, मनजीत पटेल शिवबली यादव, मुबाशिर हारून,अनुराग यादव, राहुल पटेल, शैलेंद्र यादव, आलोक तिवारी, प्रियांशु, रिंकू सिंह , प्रकाश कुंडा, विनीत शर्मा, मान सिंह पटेल, सुधीर यादव, प्रदीप सन्नी कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।
