
प्रयागराज: प्रयागराज में स्कूल चलो अभियान और प्राथमिक विद्यालयों में पठन-पाठन का स्तर देखने बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी स्कूटी से रहिमापुर प्राथमिक विद्यालय पहुंच गए। सुबह 7.40 तक एक भी टीचर यहां विद्यालय नहीं पहुंचा था। बीएसए ने खुद खड़े होकर प्रार्थना कराई और बच्चों की क्लास ली। यही हाल केशवापुर प्राथमिक विद्यालय का भी रहा।
यहां
भी सुबह आठ बजे तक एक भी टीचर विद्यालय में नहीं आया था। 76 में से केवल
10 बच्चे ही स्कूल में थे। पठन-पाठन का स्तर भी काफी खराब रहा। स्कूल से
गायब रहने वाले टीचर्स के खिलाफ अब कठोर विभागीय कार्रवाई होगी।
रहिमापुर में गायब था पूरा स्टाफ
प्रयागराज में बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी को प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के समय से स्कूल न जाने और काम में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। लिहाजा, प्रवीण त्रिपाठी बिना तामझाम के स्कूटी से हेलमेट लगाकर खुद निरीक्षण करने पहुंच गए। सबसे पहले बीएसए बहादुरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रहिमापुर पहुंचे। यहां पर प्रधान अध्यापिका मधु विश्वकर्मा, सहायक अध्यापिका सुमन शर्मा, सहायक अध्यापिका जया देवी, सहायक अध्यापिका सुनीता गुप्ता सुबह आठ बजे तक स्कूल नहीं पहुंची थीं। यह देख बीएसए भड़क गए और रसोइये से टीचर्स को फोन करने को कहा।

खुद कराई प्रार्थना सभा
जब 7:40 तक भी कोई टीचर नहीं पहुंचा, तो खुद खड़े होकर बच्चों को लाइन में लगवाकर प्रार्थना कराई। बच्चों को नैतिक शिक्षा की कुछ बातें बताईं और पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। इसके बाद प्रवीण त्रिपाठी मलावा खुर्द पहुंच गए। यहां सभी टीचर उपस्थित थीं। हालांकि, कक्षा नहीं चल रही थी। शिक्षिकाओं का कहना था कि अभी हाउसहोल्ड सर्वे का डाटा फीडिंग का काम कर रही थीं।
इस
पर बीएसए ने कहा कि सबसे पहले सभी को 7:30 पर विद्यालय आना है और अटेंडेंस
लगाकर ही हाउस होल्ड सर्वे करने जाना है। उन्होंने क्लास न चलने पर
शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण तलब किया है।
केशवापुर में सभी टीचर थीं गायब
बीएसए इसके बाद केशवापुर पहुंच गए, वहां भी कोई स्टाफ स्कूल नहीं पहुंचा था। यहां हर स्तर पर जबरदस्त लापरवाही देखने को मिली। 76 में से केवल 10 बच्चे ही विद्यालय पहुंचे थे। बाद में शिक्षिकाएं जब पहुंची, तो कटाई-मड़ाई का बहाना बनाया। दो टीचर ने कहा कि हाउस होल्ड सर्वे करके विद्यालय आ रही हैं। अंदावा स्कूल में सबकुछ ठीक-ठाक मिला। कक्षाओं में लर्निंग लेवल ठीक रहा। टाइम टेबल गड़बड़ था।
निलंबन, एडवर्स एंट्री और सर्विस ब्रेक हो सकती ह
बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जो भी शिक्षक स्कूल से गायब मिले हैं, उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। सभी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। निलंबन, एडवर्स एंट्री, वेतन रोकने के अलावा सर्विस ब्रेक की कार्रवाई होगी। अनुशासनहीनता और लेट-लतीफी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी ABSA और ARP रोज असेंबली में होंगे शामिल
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रयागराज में कुल 24 पद एबीएसए के हैं। यहां अभी 16 एबीएसए कार्यरत हैं। इसके अलावा 99 एआरपी कार्यरत हैं। कल से सभी एबीएसए और एआरपी को किसी एक विद्यालय की प्रार्थना सभा में उपस्थित होने को कहा गया है।
