
प्रयागराज: एक महिला के बेबसी की कहानी सुनें।
जिस पर उसने विश्वास किया उसने अपने रिश्तेदार के साथ उससे सामूहिक
दुष्कर्म किया। उसके बाद की दास्तां तो और भी मार्मिक है। रिपोर्ट दर्ज
कराने के लिए उसे एक थाने से दूसरे थाने जाना पड़ा। ऐसा करने में उसे करीब
17 किमी पैदल चलना पड़ा। तब जाकर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। दूसरी
ओर पुलिस का क्या कहना है, इस खबर में आप भी पढ़ लें।
प्रयागराज के नवाबगंज की रहने वाली है महिला
यह घटना यूपी के प्रतापगढ़ जिले का है। प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महिला को अपनी सहेली के भाई पर विश्वास करना महंगा पड़ा। इस गांव की एक महिला अपनी सहेली बीनू पांडेय निवासी मुरली का पुरवा बाघराय के घर गई हुई थी। वहां से वह 11 अप्रैल की दोपहर दवा लेने के लिए कुंडा जा रही थी। उसकी सहेली ने कहा कि रुको मेरा भाई नागेश्वर भी बोलेरो से कुंडा जा रहा है। उसके साथ चली जाना और दवा ले लेना।
कुंडा के बाबूंज के पास बाग में सामूहिक दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि सहेली का भाई नागेश्वर मिश्र पुत्र भगवती प्रसाद मिश्र निवासी बहरिया थाना हथिगवां व नागेश्वर के भाई का साला पप्पू पुत्र अज्ञात निवासी राजापुर चित्रकूट ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों ने कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज के पास एक सुनसान बाग में बोलेरो गाड़ी खड़ी की। उससे छेड़छाड़ शुरू तो उसने शोर मचाना शुरू किया। उसने भरसक उनसे छूटने का प्रयास किया, लेकिन नहीं सफल हुई। दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को सुनसान सड़क पर छोड़ कर भाग निकले।
कुडा कोतवाली में केस दर्ज
अनहोनी के बाद महिला किसी तरह वहां से घर लौटी और स्वजनों को सारी जानकारी दी। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ दुष्कर्म समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कुंडा कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
कुंडा कोतवाल बोले- महिला को दौड़ाया नहीं गया, बाघराय एसओ ने इंकार किया
पीड़िता का कहना कि वह पहले कुंडा कोतवाली गई और वहां से उसे बाघराय थाने भेजा गया. वहां से वापस उसे कुंडा कोतवाली लौटा दिया गया। ऐसे में उसे 17 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। कुंडा कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि महिला पहली बार शिकायत लेकर आई, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। उसके इस आरोप की भी जांच होगी। वहीं एसओ बाघराय अखिलेश कुमार का कहना है कि महिला मेरे यहां नहीं आई थी।
