प्रयागराज: प्रयागराज में सोमवार को एक और छात्रा ने मौत को गले लगा लिया है। मूलत: बांदा जनपद की रहने वाली 26 वर्षीय छात्रा दीक्षा प्रयागराज आकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। ट्रैफिक चौराहे के पास स्थित जानकीपुरम् कालोनी में वह किराए का कमरा लेकर यहां रहती थी और कोचिंग करती थी। वह भविष्य संवारने के लिए प्रयागराज तो आई लेकिन अचानक उसने मौत का रास्ता अपना लिया और फांसी के फंदे पर झूल गई। सुसाइड का कारण क्या है हालांकि इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इसकी सूचना छात्रा के परिवार वालों को दी तो वह भी प्रयागराज आ पहुंचे।
ट्रेन के आगे कूदकर छात्र ने दी जान
वहीं दूसरी घटना प्रयाग स्टेशन के पास की है। यहां 22 वर्षीय छात्र शुभम केसरवानी ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही आर्य समाज से उसकी शादी भी हुई थी। साेमवार को रामबाग से प्रयाग स्टेशन की तरफ जाने वाली ट्रैक पर उसने सुसाइड किया है। पिता विजय केशरवानी ने बताया कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया यह पता नहीं। वह कुछ परेशान था लेकिन क्यों परेशान था इसका कारण भी नहीं बता रहा था।
