प्रयागराज : राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आज दो अप्रैल को कांग्रेसी सड़क पर उतरेंगे और लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी करेंगे। ‘महंगाई मुक्त भारत धरना एवं मार्च’ के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार पर हल्ला बोलेगी और आमजन को महंगाई से राहत दिलाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगी। प्रयागराज शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी की ओर से यह अभियान शुरू किया गया है। दो से चार अप्रैल तक ‘महंगाई मुक्त भारत धरना एवं मार्च’ अभियान के तहत धरना प्रदर्शन किया जाएगा। सात अप्रैल को प्रदेश मुख्यालयों में राज्य स्तरीय ‘महंगाई मुक्त भारत धरना एवं मार्च’ का आयोजन किया जायेगा।
अपने वादों पर खरे नहीं उतर रही BJP
पूर्व शहर अध्यक्ष नफीस अनवर ने कहा है कि कि भाजपा ने वर्ष 2014 एवं 2019 के लोकसभा चुनाव सहित देशभर में हुए विधानसभा चुनावों में जनता से पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम करने और महंगाई पर अकुंश लगाने का वादा किया था । अब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस सिलेण्डर के दाम में वृद्धि करके सरकार ने गरीबों एवं मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ने का काम किया है। कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर हम कांग्रेसी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके माध्यम से सरकार से मांग करते हैं कि पेट्रोल डीजल व गैस सिलेंडर के दामों में कमी की जाए ताकि आमजन को राहत मिले।
