प्रयागराज,कौशांबी: कौशांबी में सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक समारोह मे तमंचे पर डिस्को का वीडियो सोशल मीडिया मे मंगलवार को वायरल हुआ है। वीडियो में युवक महिला का हाथ पकड़ कर डांस करता दिखाई पड़ रहा है। इस दौरान उसने स्टेज पर हाथ में तमंचा लेकर 2 राउंड गोली भी हवा में दागी। मामले पर एसपी ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। स्टेशन अफसरों को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। युवक वायरल वीडिओ में एक समारोह के दौरान स्टेज पर एक महिला के साथ डांस करते हुए दिखाई पड़ रहा है। इस दौरान युवक ने महिला का हाथ पकड़ रखा है। अचानक वो तमंचा निकाल हवा में हाथ उठाकर डांस करता है। डांस के दौरान युवक ने स्टेज से ही हवा में 2 राउंड फायर किया। युवक की इस हरकत को किसी समारोह में शामिल शख्स ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। जो अब सोशल मीडिया मे बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।
एसपी हेमराज मीना ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में मीडिया के जरिये आया है। प्राइमरी जांच में वीडियो सैनी कोतवाली क्षेत्र के किसी समारोह के होने की बात सामने आ रही है। वीडियो के आधार पर इंस्पेक्टर सैनी को निर्देशित किया गया है कि वो शख्स की पहचान करा कर कार्रवाई करें। निर्देश के क्रम में कहा गया है कि यदि वैध लाइसेंसी असलहा है। उसे सीज कर निरस्तीकरण की कार्रवाई करें। यदि अवैध असलहा है तो कानूनी कार्रवाई जल्द से जल्द करें।
