लखनऊ. राजधानी लखनऊ में सेंट फ्रांसिस स्कूल के 10वीं के छात्र ने पिता की डांट से नाराज होकर उनकी पिस्टल (Pistol) से खुद को गोली मार ली. बताया जा रहा है कि गोली सिर के आर-पार हो गई. घटना के बाद परिवार के लोग उसे लोहिया हॉस्पिटल ले गए, जहां हालत नाजुक देख मेदांता हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच पड़ताल में जुटी है. वहीं छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है.जानकारी के मुताबिक मूल रूप से देवरिया बरहज के रहने वाले मृत्युंजय मिश्रा लोहिया हॉस्पिटल में एक्स-रे टेक्नीशियन हैं. वो परिवार सहित गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र के खरगापुर में रहते हैं. उनका 15 साल का बेटा देवात्सम मिश्रा सेंट फ्रांसिस स्कूल में पढ़ाई करता है. बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे देव कोचिंग से लौटा. उस समय पूरा परिवार घर में मौजूद था. कोचिंग से लौटने पर हुई देरी की वजह से मृत्युंजय ने बेटे को डांट लगाई. इससे बाद से बेटा नाराज था.पिता की डांट से नाराज होकर देव उनके कमरे में गया. उनकी अलमारी से लाइसेंसी पिस्टल निकाली और सभी के सामने कनपटी पर सटाकर गोली मार ली. उन्होंने बताया कि देव दो बहनों में इकलौता भाई है. वो सबसे बड़ा है. मृत्युंजय मिश्रा के बेटे देवात्सम ने माता-पिता के सामने ही खुद को गोली मार ली. माता-पिता के सामने ही बेटे के सिर से गोली आर-पार हो गई.
