प्रयागराज: यूपी में कांग्रेस की बड़ी हार के बाद कांग्रेस नेताओं का उत्साह भी कम होता जा रहा है। केंद्रीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और यूपी आउटरीच एंड को-आर्डिनेशन कमेटी के प्रभारी प्रमोद तिवारी ने भी यूपी में कांग्रेस की राजनीति करने में असमर्थता जाहिर की। उन्होंने इस संबंध में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की है।
उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र भी दिया है। बोले- केंद्रीय संगठन में जहां भी जिस रूप में केंद्रीय नेतृत्व को मेरी आवश्यकता हो मैं पूरी निष्ठा और शक्ति के साथ कांग्रेस पार्टी के लिए कार्य करने को तत्पर हूं। प्रमोद ने सोनिया गांधी से यूपी समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हार के संबंध में भी वार्ता की। दरअसल, प्रमोद तिवारी यूपी में कांग्रेस के लिए ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं। बेटी मोना प्रियंका के साथ हैं सक्रिय
प्रमोद तिवारी ने सोनिया गांधी को यह भी बताया कि उनकी बेटी आराधना मिश्रा मोना (कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता) यूपी में प्रियंका गांधी के साथ सक्रिय राजनीति में हैं। बता दें कि आराधना मिश्रा इस बार भी प्रतापगढ़ के रामपुर खास सीट से अपनी सीट बचाने में कामयाब रही हैं। प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस समय देश की एकता, अखंडता, महंगाई एवं अर्थव्यवस्था की बर्बादी से देश को बचाने के लिए सभी कांग्रेसियों को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष करना होगा।
करारी हार पर सौंपी रिपोर्ट
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता हसीब अहमद ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रमोद तिवारी ने सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रमोद तिवारी ने यूपी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर अपनी रिपोर्ट सोनिया गांधी को सौंपी है।
