प्रयागराज: भले ही हिंदी हमारी मात़ृ भाषा हाे पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 4,18,507 परीक्षार्थियों ने हिंदी से हार मान ली है। नकल पर तगड़ी नकेल के कारण कुल 51,92,689 परीक्षार्थियों में से 4,18,507 ने परीक्षा छोड़ दी है।
पहले दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 मार्च से पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू हुई हैं। पहले दिन हिंदी और सामान्य हिंदी का पेपर था। परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकार्डर, सीसीटीवी से कड़ी निगरानी के कारण 4,18,507 परीक्षार्थियों ने हिंदी का पेपर ही छोड़ दिया। फिलहाल पहले दिन बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण रहीं। किसी भी परीक्षा केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। प्रथम पाली में 2,61,120 तथा द्वितीय पाली में 1,57,387 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में नकल रोकने के लिए अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने खुद लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया और परीक्षा व्यवस्था देखी। सभी जिलों में जिन नोडल अधिकारयों की तैनाती की गई है उनके अलावा जिलाधिकारयों ने भी भ्रमण किया।
परीक्षा में जूते--मोजे उतरवाने पर रोक
यूपी बोर्ड की परीक्षा में जूते-मोजे उतरवाने का विरोध हो रहा था। इसमें छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कत हो रही थी। इसको देखते हुए शासन ने कक्ष के बाहर छात्रों के जूते और मोजे करवाने पर रोक लगा दी है। छात्र परीक्षा कक्ष में जूता मोजा पहन कर भी अब जा सकते हैं।
परीक्षा अवधि में किसी टीचर के पास नहीं रहेगा मोबाइल
परीक्षा के दौरान केवल केंद्र व्यवस्थापक तथा स्टैटिक मैजिस्ट्रेट के अलावा किसी भी शिक्षक के पास मोबाइल नहीं रहेगा। यदि किसी के पास मोबाइल फोन पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शासन के निर्देश पर हर जिले में तैनात सुपर जोनल अफसरों को भी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया है।
आज भाषा व संगीत गायन, वादन व नृत्य कला का पेपर
प्रथम पाली में हाई स्कूल के छात्र पाली, अरबी व फारसी का एग्जाम दे रहे हैं। इंटरमीडिएट में संगीत गायन, संगीत वादन व नृत्य कला का पेपर होगा। हाई स्कूल में दूसरी पाली में संगीत गायन का पेपर होगा, जबकि इंटरमीडिएट में सामान्य आधारिक विषय (व्यवसायिक वर्ग के लिए) कृषि शस्य विज्ञान (एग्रोनॉमी) प्रथम प्रश्न पत्र ,कृषि शस्य विभाग (एग्रोनॉमी)-षष्ट्म प्रश्न पत्र (कृषि भाग दो के लिए) होगा।
