प्रयागराज: नगर निगम की ओर से उन गृहकर स्वामियों के लिए एक मुश्त समाधान योजना यानी OTS की शुरुआत जनवरी में की गई थी, जिन्होंने लम्बे समय से अपना गृहकर नहीं जमा किया था। जिस वजह से उन पर गृहकर का बोझ अधिक हो गया था। पर सरकार की ओर से लायी गई OTS उतनी कारगर नहीं साबित हो सकी। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक मात्र 13 हजार लोगों ने 15 करोड़ रुपये गृहकर जमा किया है, जबकि नगर निगम को 78 हजार से अधिक लोगों से करीब 130 करोड़ रुपये गृहकर की वसूली करनी है।
आज के बाद ब्याज के साथ जमा होगा हाउस टैक्स
योजना के अंतर्गत बकाया गृहकर जमा करने का आज आखिरी मौका है। इसके बाद नगर निगम पूरी बकाया धनराशि वसूलेगा। उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने शासन की मंजूरी मिलने के बाद जनवरी के प्रथम सप्ताह में बकायेदारों से गृहकर वसूली के लिए OTS की शुरुआत की थी। इसके लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया था। लेकिन योजना में शहरियों की ओर से कोई रुचि नहीं दिखाने पर यह योजना फ्लाफ साबित हो गई। पीके मिश्रा कर अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च के बाद पहले की ही तरह पूरी धनराशि ब्याज के साथ जाम करनी होगी।

