
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नान स्टाप सेवा शुरू की हैं। यात्रियों की संख्या पूरी होने पर बसों को नान स्टाप लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर व वाराणसी के लिए प्रस्थान कर दिया जाता है। होली बीतने के बाद लोग जल्द अपने कामकाज पर लौटना चाहते हैं। इसके देखते हुए रोडवेज बस इनकी राह को आसान बना दे रही है।
होली त्योहार में काफी संख्या में लोग अपने घरों पर परिवार के साथ आए हुए थे। अब वापस जाने की हर किसी को जल्दी है। ऐसे में महानगरों से ट्रेनों की बुकिग पहले ही कर लिए थे। अब वहां तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रोडवेज ने नान स्टाप बसों का संचालन शुरू किया है। लखनऊ वाया सुल्तानपुर , लखनऊ वाया फैजाबाद, प्रयागराज, वाराणसी व गोरखपुर तक नान स्टाप बस सेवा का परिचालन किया जा रहा है। इन स्थलों के लिए यात्री पर्याप्त मात्रा में मिल जाने से नान स्टाप संचालन कर दिया जा रहा है। इसमें यात्रियों की संख्या का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे रास्ते लखनऊ का सफर
लखनऊ के लिए यात्रियों की पर्याप्त संख्या होने पर परिवहन विभाग पूर्वांचल-एक्सप्रेस से बसों का संचालन कर रहा है। इससे कम समय में यात्री लखनऊ पहुंच जा रहे है। रविवार को लखनऊ के लिए पर्याप्त यात्री होने पर बस का संचालन किया गया।
नान स्टाप सेवा प्रारंभ की गई है। यात्रियों की पर्याप्त संख्या होने के बाद बसें संचालित होती हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते विभाग ने यह निर्णय लिया गया है।
