
नई दिल्ली. लोकसभा ने शुक्रवार को ‘वित्त विधेयक 2022’ (Finance Bill 2022) को मंजूरी प्रदान कर दी जिससे वित्त वर्ष 2022-23 की बजटीय प्रक्रिया (Budgetary Exercise) पूरी हो गई. संसद के निचले सदन यानी लोकसभा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) द्वारा पेश 39 सरकारी संशोधनों को स्वीकार करके और विपक्षी दलों के सदस्यों के संशोधनों को अस्वीकार करके वित्त विधेयक को मंजूरी दे दी. संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज आठवां दिन था.
टैक्स को लेकर वित्त मंत्री ने दिया बयान
लोकसभा में वित्त विधेयक पर जवाब देते हुए सीतारमण ने कहा कि मोदी सरकार आम लोगों पर टैक्स का कम भार डालने की नीति पर काम करती है और इसका प्रमाण है कि कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने एवं व्यवस्था को पटरी पर लाने के प्रयासों के दौरान कोई नया टैक्सेशन नहीं किया गया जबकि जर्मनी, ब्रिटेन और कनाडा सहित 32 देशों में कर लगाया गया.गौरतलब है कि गुरुवार को सदन ने अगले वित्त वर्ष के बजट में विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के लिए प्रस्तावित अनुदानों की मांगों एवं उनसे संबंधित विनियोग विधेयक को ‘गिलोटिन’ (एक साथ बिना चर्चा) के माध्यम से मंजूरी दी थी.
