प्रयागराज: मार्च में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरित होने वाले राशन का उठान नहीं हो सका। अब मार्च अप्रैल का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। प्रत्येक महीने में प्रदेश सरकार की ओर से नियमित रूप से वितरित होने वाले राशन काे भी अप्रैल में वितरित किया जाएगा। राशन कार्ड धारकों के लिए यह अच्छी खबर है। सरकारी राशन की दुकानों पर सभी राशन कार्ड धारकों को इस बार अप्रैल माह में दो नहीं बल्कि तीन बार मुफ्त में राशन मिलेगा। इसे लेकर लोगों में उत्सुकता है कि ऐसा क्या है कि इस बार अप्रैल में तीन बार निश्शुल्क राशन कार्ड धारकों को दिया जाएगा। तो आइए हम बता रहे हैं कि सरकार की ओर से इस बार तीन बार राशन आपको क्यों मिलेगा। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मार्च का राशन अप्रैल में मिलेगा मार्च महीने में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरित होने वाले राशन का उठान नहीं हो सका है। ऐसे में अब मार्च और अप्रैल का राशन इस योजना के तहत एक साथ वितरित किया जाएगा। वहीं प्रत्येक महीने में प्रदेश सरकार की ओर से नियमित रूप से वितरित होने वाले राशन काे भी अप्रैल में वितरित किया जाएगा। ऐसे में कार्ड धारकों को अप्रैल में तीन बार मुफ्त राशन मिलने की सुविधा मिलेगी। विधानसभा चुनाव के कारण मार्च में पीएम योजना के तहत राशन वितरित नहीं हुआ था उल्लेखनीय है कि कोराना वायरस संक्रमण काल में राशन कार्ड धारकों की सहूलियत के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की गई थी। योजना के तहत सभी राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलो राशन वितरित किया जाता है। वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत इतना ही राशन वितरित किया जाता है। इसके साथ सभी कार्ड धारक को नमक, तेल और चने की दाल मुफ्त वितरित की जाती है। यूपी विधानसभा का चुनाव होने के कारण मार्च में प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत राशन का वितरण नहीं किया गया है। प्रयागराज जिले में 10.59 लाख राशन कार्ड धारक हैं। 43 लाख से अधिक यूनिट राशन का वितरण किया जाता है।
राशन वितरण में मनमानी करने वाले कोटेदारों पर कार्रवाई होगी : जिला आपूर्ति अधिकारी
जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव और नमक की उपलब्धता न हो पाने के कारण प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का राशन मार्च में नहीं वितरित किया गया। इस योजना के तहत अप्रैल में इसका वितरण होगा। ऐसे में राशन कार्ड धारकों को अप्रैल में तीन बार मुफ्त का राशन दिया जाएगा।
