कुंडा में गरम रहा माहौल, फायरिंग और बूथ कैप्चरिंग का हल्ला, डीएम-एसपी रहे सक्रिय
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कुंडा में गरम रहा माहौल, फायरिंग और बूथ कैप्चरिंग का हल्ला, डीएम-एसपी रहे सक्रिय


प्रयागराज, यूपी विधानसभा चुनाव में पांचवे चरण के लिए रविवार को हुए मतदान के दौरान कुंडा में करेंटी और पहाड़पुर बनोही गांव में सपा और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ता भिड़ गए। इस दौरान सपा प्रत्याशी के साथ गए लोगों और जनसत्ता दल समर्थकों के बीच पथराव हुआ। इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर भारी संख्या में अर्द्धसैनिक बल के जवान पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में किया। इसी के साथ कई अफवाहें तैरने लगीं। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. नितिन बंसल व एसपी ने कुंडा में पुलिस फोर्स के साथ रूट मार्च किया। इस दौरान सड़क पर घूम रहे अराजक तत्वों को भगाया गया।गुलशन की पत्नी के सामने एजेंट पर हमला
कुंडा विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी गुलशन यादव की पत्नी सीमा यादव भी निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। वह अपने गांव करेंटी में बूथ पर समर्थकों के साथ खड़ी थीं। करीब साढ़े दस बजे उनके एजेंट अखिलेश यादव और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह के कार्यकर्ताओं में वोटिंग को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान अखिलेश यादव को जमकर पीट दिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची मानिकपुर पुलिस सपा कार्यकर्ता अखिलेश को लेकर थाने चली गई। देर शाम तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं पड़ी थी। पुलिस का कहना था कि तहरीर के आधार पर वह आगे की कार्रवाई करेंंगी। अभी यह झगड़ा पूरी तरह से शांत भी नहीं हुआ था कि सपा प्रत्याशी गुलशन यादव करीब 11 बजे कुंडा विधानसभा क्षेत्र के पहाड़पुर बनोही गांव स्थित मतदान केंद्र पर जा पहुंचे। उनके साथ पूरा काफिला था। वह घबराए हुए केंद्र के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद माइक्रो आब्जर्वर मो. शकील से कहा कि उन पर हमला हो गया है। वह जब बाहर निकले तो देखा कि वहां खड़ी मतदानकर्मियों की आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे टूटे हुए हैं। इसमें एक कार माइक्रो आब्जर्वर की भी थी, जिसके शीशे टूटे हुए थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके कुछ ही देर बाद वहां एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्रा पहुंच गए। सपा प्रत्याशी को वहां से सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया।गांव के प्रधान पुष्पेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सपा प्रत्याशी के इशारे पर सपा के कुछ कार्यकर्ता उनके घर को घेरने आए थे, उस समय वह वहां नहीं थे, अगर होते तो बड़ी घटना घट जाती। सपा प्रत्याशी गुलशन यादव ने आरोप लगाया कि पहाड़पुर बनोही गांव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दल के लोगों ने उन पर हमला कर दिया, उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। इन दो घटनाओं के बाद कई तरह कई अफवाहें तैरने लगीं। मसलन कुछ स्थानों पर अराजक तत्वों द्वारा बूथ कैप्चरिंग हो रही है। इस तरह के मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन में खलबली मच गई। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम डाॅ. नितिन बंसल और एसपी सतपाल अंतिल ने कुंडा में रूच मार्च निकाला। सड़क पर जहां भी लोगों की भीड़ मिली, उन्हें खदेड़ दिया गया। अराजक तत्व भाग निकले। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।सपा के एजेंट को पीटा, अपहरण का आरोप कुंडा विधान सभा चुनाव में रविवार को कुंडा कोतवाली क्षेत्र के रैयापुर बूथ पर राकेश पासी को समाजवादी पार्टी का एजेंट बनाया गया था। राकेश पासी सुबह से ही अन्य पार्टी के बूथ एजेंडों के साथ मतदान करा रहा था। सपा एजेंट राकेश पासी का आरोप है कि दोपहर 12 बजे पहुंचे जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उसका अपहरण कर लिया।जमकर मारा-पीटा और बाद में छोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उपचार के लिए सीएससी कुंडा ले गई, जहां पर पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। फिलहाल शाम चार बजे तक समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता राकेश पासी द्वारा पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। कुंडा कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies