उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) को लेकर एक तरफ राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है. इसी कड़ी में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री और शिवसेना (Shiv Sena) नेता आदित्य ठाकरे (Aditya Thackeray) गुरुवार को यूपी पहुंच रहे हैं. यहां वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे उत्तर प्रदेश में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. बता दें कि शिवसेना ने भी कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं.संजय राउत ने ट्वीट किया, ‘वह (आदित्य ठाकरे) 306-डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर जिला) और 265-कोरांव (प्रयागराज जिला) विधानसभा क्षेत्रों में शिवसेना उम्मीदवारों के लिए चुनावी रैलियां करेंगे.’ राज्यसभा सदस्य ने ट्विटर पर ”अबकी बार तीर कमान” का उपयोग करते हुए टिप्पणी की. गौरतलब है कि तीर-कमान शिवसेना का पार्टी चिह्न है. उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीट के लिए सात चरणों में चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से तीन दौर का चुनाव संपन्न हो चुका है.2019 में अयोध्या दौरे पर आए थे उद्धव ठाकरे
इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले शिवसेना के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अयोध्या में राम मंदिर का दर्शन करने आए थे. उसी समय यह संकेत मिल गए थे कि शिवसेना महाराष्ट्र से बाहर भी पैर पसारने की कवायद कर रही है. उत्तर प्रदेश में अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे कई मुद्दे हैं जो शिवसेना के हिंदुत्व एजेंडे में पूरी तरह फिट बैठते हैं. पार्टी इन मुद्दों को भुनाकर यूपी में भी अपनी पहचान बनाना चाहती है.उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव कराए जाएंगे. पहले चरण की वोटिंग 10 फरवरी और अंतिम फेज का मतदान 7 मार्च को होगा. चुनाव परिणामों का ऐलान 10 मार्च को किया जाएगा. एक महीने तक चलने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सियासी संग्राम में 15.2 करोड़ मतदाता कुल 403 सीटों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे.
