वाराणसी. उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिला जेल में शुक्रवार को बंदियों ने हंगामा कर दिया. बंदी राजेश जायसवाल की मौत के बाद जेल के अंदर बंदियों ने बवाल शुरू कर दिया. नारेबाजी करते हुए जमकर तोड़फोड़ की. इसके साथ ही बंदीरक्षकों से मारपीट भी की गई. स्थिति बेकाबू होने की सूचना वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को दी गई. जेल में हंगामे की सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई. जेल डीआईजी सहित तमाम बड़े अधिकारी जिला जेल पहुंचे. सूत्रों के मुताबिक बंदियों द्वारा जेल अस्पताल के एम्बुलेंस समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई है. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.उधर, लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस की सूचना पर बंदी राजेश के परिजन जिला जेल पहुंच गए हैं. सभी ने बिलखते हुए जेल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की. जानकारी के मुताबिक, बैरक नंबर 3 में रहने वाले बंदी राजेश (54) को दिल का दौरा पड़ा था. राजेश धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में 6 माह से जेल में बंद था. वह वाराणसी के बड़ी गैबी का रहने वाला था. जेल अस्पताल के डॉक्टरों की सलाह पर राजेश को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.बंदियों का कहना था कि जेल प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही की वजह से राजेश की मौत हुई है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बंदियों को समझाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया. फिलहाल, बंदियों को बैरक के अंदर कर दिया गया है. जेल के CCTV कैमरों की फुटेज की मदद से उपद्रव के लिए उकसाने वाले बंदियों को चिह्नित किया जा रहा है. माहौल खराब करने वाले बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा. बंदी के परिजनों को घटना की जानकारी देकर डॉक्टरों के पैनल से वीडियो कैमरे के सामने शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
वाराणसी जेल में उपद्रव और तोड़फोड़, बंदी की मौत के बाद भड़के कैदियों ने किया हंगामा
Friday, February 25, 2022
0
Tags
