प्रयागराज, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के प्रचार के अंतिम दिन प्रयागराज में स्टार प्रचारकों का जमावड़ा होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुनावी सभा के ठीक अगले दिन यानी कल शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज में रोड शो और जनसभा करेंगे। इसी प्रकार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार को प्रयागराज आना था। हालांकि अब वह नहीं आएंगे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो का मार्ग
संगम नगरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल शुक्रवार को रोड शो के साथ कई चुनावी सभा करने आ रहे हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि प्रतापपुर, हंडिया, करछना विधानसभा में मुख्यमंत्री की चुनावी सभा होगी। इसके बाद वह इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा में शाम 4:30 बजे रोड शो करेंगे। यह रोड शो लगभग 500 मीटर का होगा, जो नंदी चौराहा से शुरू होगा और शिव मिष्ठान भंडार दुर्गा मंदिर, जगमल हाता चकिया मोड़, कर्बला तिराहा, बनर्जी तिराहा, कर्बला चौराहा, मछली बाजार चौराहा हिम्मतगंज, खुल्दाबाद चौराहा, गाड़ीवान टोला से होते हुए डफरिन अस्पताल गेट नखासकोहना चौराहे तक होगा।योगी की करछना व हंडिया में होगी जनसभा भाजपा के यमुनापार प्रवक्ता दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि करछना विधानसभा में फुटावा तारा मुख्यालय के बगल में अपराह्न 2:30 बजे, प्रतापपुर हंडिया विधानसभा में सरायममरेज थाना क्षेत्र में अपराह्न 3:30 बजे चुनावी जनसभा करेंगे। इसके माध्यम से लोगों को वे संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5.30 बजे शहर दक्षिण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी नंद गोपाल गुप्ता नंदी और शहर पश्चिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थनाथ सिंह एवं शहर उत्तरी के विधानसभा प्रत्याशी हर्षवर्धन वाजपेई के समर्थन में चुनावी सभा करेंगे।
