प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)। तहसील रसड़ा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्राकृतिक आपदा के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों की समस्याएं सामने आई हैं। फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनकी आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने उपजिलाधिकारी, रसड़ा को ज्ञापन देकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों एवं लेखपालों की टीम प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर फसल नुकसान का निष्पक्ष सर्वेक्षण करे, ताकि वास्तविक रूप से प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति मिल सके।
विश्वजीत जायसवाल ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, जिससे आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को राहत मिल सके।

