प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
विश्वजीत जायसवाल (तहसील संवाददाता)
रसड़ा (बलिया)। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर आज रसड़ा नगर स्थित नाथ बाबा पोखरा पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। सुबह से ही पोखरे के घाटों पर व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय हो उठा है।
नाथ बाबा पोखरा पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर फल, फूल, नारियल, ठेकुआ, गन्ना और पूजन सामग्री से सजे सूप एवं दउरा के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रही हैं। परिवार के सदस्यों के साथ पहुंची व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठी मैया की आराधना में लीन हैं।
घाट पर कहीं महिलाएं पूजा की तैयारी करती नजर आ रही हैं तो कहीं परिवार के सदस्य पूजन सामग्री को व्यवस्थित करने में सहयोग कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस महापर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। पोखरे के किनारे सजी पूजा सामग्रियां और श्रद्धालुओं की मौजूदगी इस धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा रही है।
शाम को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ प्रतीक्षा कर रहे हैं। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज और आस्था का संगम देखने को मिल रहा है।
रसड़ा नाथ नगर में छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन परंपरा, सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार और लोक संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। नाथ बाबा पोखरा पर उमड़ा यह श्रद्धा का जनसैलाब रसड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर जीवंत कर रहा है।
आस्था, विश्वास और समर्पण के इस महापर्व पर पूरा रसड़ा नगर छठी मैया की भक्ति में लीन नजर आ रहा है।
जय छठी मैया! जय सूर्य देव!
