प्रयागराज, 27 नवंबर।
निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में सिविल डिफेंस, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सहयोग की अपील की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान दिवस के दौरान सभी बीएलओ (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और वहां पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने सिविल डिफेंस और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वे ऐसे युवाओं और पात्र नागरिकों को जागरूक करें, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है।
शहर की तीन विधानसभाओं में धीमी प्रगति, घर-घर चलेगा जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी ने शहर की तीनों विधानसभा सीटों में पुनरीक्षण कार्य की धीमी प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने संगठनों के सदस्यों से घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित करने और उन्हें बूथ तक लाकर फार्म-6 भरवाने का आह्वान किया। इसके साथ ही, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को निर्देशित किया गया है कि वे महाविद्यालयों में विशेष कैंप लगवाकर नए युवा मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराएं।
घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो नागरिक बूथ पर जाने में असमर्थ हैं, वे निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप ECINET या आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (नगर) मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह सहित संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO), सिविल डिफेंस और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
