प्रयागराज। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आगामी 30 नवंबर 2026 को एकदिवसीय 'रोजगार महोत्सव 2026' का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज एवं नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला सुबह 10:00 बजे से विधानसभा क्षेत्र फूलपुर स्थित विश्वविद्यालय के सरपतीपुर परिसर (हनुमानगंज) में आयोजित होगा।
सहायक निदेशक सेवायोजन (प्रयागराज) राजीव कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार महोत्सव में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से लगभग 4,000 से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का सीधा चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को योग्यता और पद के अनुसार 13,500 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतनमान दिया जाएगा।
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
इस मेले में 18 से 40 वर्ष तक की आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। शैक्षिक योग्यता के तहत जूनियर हाई स्कूल, हाई स्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक के साथ-साथ बीबीए, बीसीए, बीई, बीटेक, एमबीए, आईटीआई, डिप्लोमा एवं पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजइच्छुक अभ्यर्थियों को सबसे पहले उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर अपना ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य है। रिक्तियों से जुड़ा विस्तृत विवरण भी इसी पोर्टल पर देखा जा सकता है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों, अंक पत्रों तथा जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति (फोटोकॉपी) के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
