प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)। मनियर थाना क्षेत्र के रानीपुर मौजे में सोमवार को बाइक और फोर व्हीलर गाड़ी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों युवक खतरे से बाहर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के अंम्बडरिया निवासी छोटू राजभर (18) पुत्र मुन्ना राजभर और अजय राजभर (20) पुत्र शिवकुमार राजभर बाइक से मनियर की तरफ आ रहे थे। बताया जाता है कि मनियर की ओर से जा रही एक फोर व्हीलर गाड़ी रानीपुर मौजे में कुंवर विजय सिंह पप्पू के पेट्रोल पंप से पहले मुड़ रही थी। इसी दौरान बलिया की तरफ से आ रही बाइक फोर व्हीलर से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर भेजवाया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मनियर में अपने फूफा बबलू राजभर के घर जा रहे थे। हादसे में फोर व्हीलर गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे की बताई जा रही है। फिलहाल दोनों घायलों का मनियर पीएचसी में उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

