प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी): जनपद के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुई निवासी और पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर कार्यरत मान सिंह यादव का 56 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। वे वर्तमान में सिद्धार्थनगर जिले में तैनात थे। परिजनों के अनुसार उनका निधन हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण हुआ।
सब इंस्पेक्टर मान सिंह के निधन की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गाँव जमुई सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
सरयू तट पर हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार की सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पैतृक गाँव जमुई पहुँचा, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और परिचितों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके पश्चात नम आँखों से सरयू नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया गया।
पुलिस विभाग ने खोया एक नेक दिल इंसान
क्षेत्रीय नागरिकों और संभ्रांत लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और बेहद नेक दिल इंसान को खो दिया है। अंतिम संस्कार के समय उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

