(रिपोर्ट: प्रदीप बच्चन, ब्यूरो चीफ)
मनियर/बलिया (उत्तर प्रदेश)। मनियर थाना क्षेत्र के पिलुई चट्टी के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय महिला की जान चली गई। मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला को परिजन तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई मोटरसाइकिल
मृतका की पहचान बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी देव दतिया देवी (48 वर्ष), पत्नी ददन तुरहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुल्तानपुर से बसारिखपुर जा रही थीं। उन्हें अपनी बेटी के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होना था।
जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल पिलुई चट्टी के पास बने स्पीड ब्रेकर पर पहुंची, अचानक बाइक उछल गई। इससे देव दतिया देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें मनियर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर करने की कागजी प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, रेफरल पर्ची बनते-बनते उन्होंने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए परिजन
घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा के चलते पुलिस को सूचित किए बिना ही शव को सुल्तानपुर स्थित अपने घर ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गए। मृतका अपने पीछे पति, दो बेटों और पांच बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। जिस घर में बेटी के जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां इस हादसे के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

