प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी): बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह ने मनियर विकासखंड की ग्राम पंचायत सरवार ककरघट्टी अंतर्गत नावट नंबर एक मौजा का दौरा कर कटान पीड़ित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा गांव को सीधे पीडब्ल्यूडी मार्ग से जोड़ने की मांग पर विधायक ने हर संभव प्रयास कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
डेढ़ से दो किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी से मिलेगी राहत
ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए बताया कि उनकी पहल पर ब्लॉक मुख्यालय से मुड़ियारी टीएस बंधे के संपर्क मार्ग से नावट नंबर एक तक सीसी रोड का निर्माण हो चुका है, जिससे आवागमन में काफी सुधार हुआ है। हालांकि, मनियर बस स्टैंड तक पहुँचने के लिए उन्हें अभी भी डेढ़ से दो किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि मनियर-बलिया मुख्य मार्ग से गांव की दूरी मात्र 500 मीटर है, ऐसे में यदि इसे सीधे पीडब्ल्यूडी मार्ग से जोड़ दिया जाए तो समय और दूरी दोनों की बचत होगी।
जमीन और काश्तकारों की सहमति पर चर्चा
सड़क निर्माण की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक केतकी सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क के लिए फंड उपलब्ध कराना समस्या नहीं है, लेकिन इसके लिए काश्तकारों की भूमि की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि काश्तकारों से बातचीत कर सर्वसम्मति से रास्ता निकालने का रास्ता तलाशा जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश
विधायक ने मौके पर मौजूद तहसीलदार नितिन कुमार सिंह को समस्या के निस्तारण हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही लेखपाल खेदन राम को संबंधित काश्तकारों की सूची तैयार करने और चकनाली के दोनों तरफ के भू-स्वामियों से सहमति बनाकर समाधान निकालने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान नीलम राजभर, अर्चना विश्वकर्मा, ममता राजभर, रामसागर राजभर, रमेश राजभर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामदेव यादव, विनोद सिंह, नेता विनोद सिंह, पारसनाथ तिवारी और सियाराम जी सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।


