(गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट: शिव शरण)
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संभावित आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिलाधिकारी विपिन जैन के साथ उतरौला तहसील क्षेत्र के ग्राम बिलरिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, और जनसभा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे, जिन्हें सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

