मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, 12 नवंबर को प्रकाशित होगी मसौदा मतदाता सूची
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, 12 नवंबर को प्रकाशित होगी मसौदा मतदाता सूची


लखनऊ, 16 अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित बनाना है।


*पुनरीक्षण का कार्यक्रम*


- मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 02 नवंबर 2026 तक पूरी होगी।

- 12 नवंबर 2026 को एकीकृत मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

- 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

- दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक होगा।

- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।


मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकेगा। ये फॉर्म ऑफलाइन बीएलओ के पास या ऑनलाइन Voter Service Portal और ECINET ऐप के माध्यम से भरे जा सकते हैं।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जो युवा 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले भावी मतदाताओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे।


बैठक में बताया गया कि संभाजन के दौरान सामान्यतः एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। मतदेय स्थलों के निर्धारण में भौतिक सत्यापन और मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का अनुरोध किया। दावा-आपत्ति अवधि में प्राप्त फॉर्मों की सूची वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।


बैठक में समाजवादी पार्टी, अपना दल (एस), सीपीआई (एम), बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies